सुपौल। ईद-उल-अजहा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर रविवार को किशनपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रभारी थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार पाल एवं अंचलाधिकारी सुशीला कुमारी ने संयुक्त रूप से की। बैठक में विभिन्न पंचायतों से आए जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए अंचलाधिकारी सुशीला कुमारी ने कहा कि पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी लोगों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या छोटी-मोटी घटना को लेकर लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। यदि समय रहते सजगता बरती जाए तो किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया समेत अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों से बचने की अपील की।
उन्होंने कहा कि किशनपुर में उनका ढाई वर्षों का कार्यकाल रहा है और हर वर्ष सभी पर्व आपसी भाईचारे एवं शांति के साथ मनाए जाते रहे हैं।
वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने कहा कि किशनपुर प्रखंड में हिंदू और मुस्लिम समुदाय के लोग हमेशा एक-दूसरे के पर्व में शामिल होकर सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां किसी भी प्रकार की अशांति की संभावना नहीं है क्योंकि सभी समुदाय के लोग मिल-जुलकर रहते हैं।
प्रभारी थानाध्यक्ष अर्जुन कुमार पाल ने कहा कि पर्व के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कहीं किसी घटना या तनाव की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
थानाध्यक्ष ने बताया कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुल 11 ईदगाह हैं, जहां सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना की ओर से तीन गश्ती दल लगातार भ्रमण कर निगरानी करेंगे।
बैठक में राजद प्रखंड अध्यक्ष जयप्रकाश कुमार उर्फ मंगल यादव, ओम यादव, मो. हश्नैन नोमानी, मो. नईमुद्दीन, बिजली यादव, गौरी यादव, रमेश ठाकुर सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं