Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज : खेत में काम के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत, गांव में छाया मातम


सुपौल। प्रतापगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पंचायत स्थित वार्ड संख्या 8 मंडल टोला में शुक्रवार की दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका की पहचान नीतीश कुमार मंडल की 25 वर्षीय पत्नी फुलो कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया तथा पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फुलो कुमारी गांव की अन्य महिलाओं के साथ घर से करीब 400 मीटर पश्चिम स्थित खेत में काम करने गई थी। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जन के साथ बिजली चमकने लगी। खतरे को देखते हुए खेत में काम कर रही महिलाएं घर की ओर भागने लगीं।

बताया जाता है कि इसी बीच फुलो कुमारी खेत में चर रही अपनी बकरी की रस्सी खोलने लगी। तभी अचानक आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। बिजली गिरने से उनका आधा शरीर झुलस गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को देख आसपास मौजूद महिलाएं चीख-पुकार करने लगीं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला दम तोड़ चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी आशु रंजन एवं प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने बताया कि मृतका का पति बोलने में असमर्थ है और घटना के बाद उसका रो-रोकर बुरा हाल है। फुलो कुमारी अपने पीछे आठ माह का एक पुत्र छोड़ गई है। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

कोई टिप्पणी नहीं