सुपौल। भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को भीमनगर चेक पोस्ट पर सशस्त्र सीमा बल की 45वीं वाहिनी एवं एपीएफ नेपाल के बीच एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई, जिसमें सीमा क्षेत्र में शांति, सुरक्षा एवं आपसी सहयोग को लेकर कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में भारत-नेपाल सीमा की वर्तमान सुरक्षा स्थिति, सीमा क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों, आपसी समन्वय तथा सूचना आदान-प्रदान प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए संयुक्त रणनीति तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान सीमा पर अवैध आवागमन एवं तस्करी की रोकथाम हेतु संयुक्त प्रयास, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की त्वरित सूचना साझा करने, मानव तस्करी एवं मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई तथा संयुक्त गश्त को और अधिक मजबूत बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इसके अलावा सीमा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहयोग प्रणाली को सुदृढ़ करने पर भी सहमति बनी।
दोनों देशों के अधिकारियों ने सीमा सुरक्षा को लेकर आपसी विश्वास, सहयोग एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही भविष्य में भी इस प्रकार की समन्वय बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की गई।
बैठक में SSB की 45वीं वाहिनी की ओर से कमांडेंट गौरव सिंह, द्वितीय कमान अधिकारी जगदीश कुमार शर्मा, सहायक कमांडेंट राहुल कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं बलकर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं