Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

सुपौल में अमृत भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से युवती की मौत


सुपौल। रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर झखाराही के समीप सोमवार दोपहर एक दर्दनाक रेल हादसे में अज्ञात युवती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 14627 की चपेट में आने से युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार दोपहर करीब दो बजे उस समय हुआ जब युवती रेलवे ट्रैक पार करने का प्रयास कर रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अमृत भारत एक्सप्रेस तेज रफ्तार से स्टेशन की ओर बढ़ रही थी। इसी दौरान युवती ट्रैक पार करने लगी और ट्रेन की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। हादसे के कारण अमृत भारत एक्सप्रेस को सुपौल रेलवे स्टेशन पर निर्धारित दो मिनट के ठहराव के बजाय करीब 15 मिनट तक रोकना पड़ा। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद ट्रेन को सरायगढ़-निर्मली रेलखंड के रास्ते दिल्ली के लिए रवाना किया गया।

सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और रेलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को ट्रैक से हटाकर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी।

रेलवे पुलिस अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि युवती की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों और स्थानीय लोगों से संपर्क किया जा रहा है, ताकि मृतका की शिनाख्त हो सके। पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी जाएगी।


कोई टिप्पणी नहीं