Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

विवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या कर शव गायब करने का आरोप


सुपौल। निर्मली अनुमंडल क्षेत्र के कुनौली थाना अंतर्गत कमलपुर पंचायत के वार्ड संख्या-17 धरहारा कोशी पलार में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या कर शव गायब करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका की पहचान 22 वर्षीय दुर्गा कुमारी उर्फ दुर्गा देवी के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका के पिता प्रकाश मुखिया ने कुनौली थाना में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

बताया जा रहा है कि घटना का खुलासा उस समय हुआ जब मृतका के ससुर रुद्रनारायण यादव कथित रूप से अपनी बहू के शव को कंधे पर लेकर कहीं ले जा रहे थे। स्थानीय लोगों की नजर पड़ने पर उनसे पूछताछ की गई, लेकिन उन्होंने बहू द्वारा घास मारने की दवा खाने की बात कहकर वहां से निकल गए। इसके बाद से वे फरार बताए जा रहे हैं।

घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग और रिश्तेदार मृतका की खोजबीन में जुट गए। बाद में पड़ोसी एवं रिश्तेदार लाल देवी ने मृतका के मायके पक्ष को सूचना दी। जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन धरहारा पहुंचे, लेकिन घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने कुनौली पुलिस को घटना की सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस संबंध में कुनौली थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आधार पर कुनौली थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज कर लिया गया है। आवेदन में सास, ससुर सहित परिवार के सात लोगों को नामजद किया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच फॉरेंसिक टीम द्वारा की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मृतका के पिता ने बताया कि उनकी पुत्री की तीन वर्ष पूर्व अंतरजातीय प्रेम विवाह कोर्ट के माध्यम से हुई थी और वह अपने पति के साथ खुशहाल जीवन बिता रही थी। घटना से चार दिन पहले उसका पति मजदूरी के लिए बाहर गया था। इसी बीच ससुराल पक्ष पर साजिश के तहत जहर देकर हत्या करने और शव गायब करने का आरोप लगाया गया है।

घटना के बाद मृतका के माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोग इसे हत्या या आत्महत्या मानकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं