सुपौल। इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा शुक्रवार को विश्व रेड क्रॉस दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। रेड क्रॉस के संस्थापक सर हेनरी डुनांट की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में इस वर्ष की थीम “United in Humanity” (मानवता के लिए एकजुटता) रखी गई। इस अवसर पर भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत रेड क्रॉस शाखा के सचिव राम कुमार चौधरी द्वारा अतिथियों एवं सदस्यों के स्वागत से हुई। उन्होंने कहा कि विश्व रेड क्रॉस दिवस मानवता की सेवा और त्याग का प्रतीक है तथा यह दिन सर हेनरी डूनांट के महान योगदान को स्मरण करने का अवसर प्रदान करता है।
उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस संस्था विश्वभर में युद्ध के दौरान घायल लोगों की सहायता, प्राकृतिक आपदाओं में राहत एवं बचाव, रक्तदान, फर्स्ट एड, स्वास्थ्य शिविर और जागरूकता अभियानों के माध्यम से मानवता की रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इस अवसर पर रेड क्रॉस के उपाध्यक्ष एवं सिविल सर्जन बाबू साहब झा, चेयरमैन डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह, वाइस चेयरमैन सुब्रत मुखर्जी, कोषाध्यक्ष अभय तिवारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाबू साहब झा ने मानवता की सेवा में रेड क्रॉस की भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं डॉ. कन्हैया प्रसाद सिंह ने सुपौल शाखा द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए लोगों से रेड क्रॉस से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को मोमेंटो एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। अंत में सचिव राम कुमार चौधरी ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मानवता की सेवा के लिए मिलकर कार्य करने का संदेश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं