Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर एनएसएस ने चलाया जागरूकता अभियान


त्रिवेणीगंज। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय इकाई, अनूपलाल यादव महाविद्यालय त्रिवेणीगंज के संयुक्त तत्वावधान में नगर परिषद लतौना उत्तर के वार्ड संख्या-20 स्थित दलित बस्ती (मुसहरी टोला) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने की, जबकि संचालन एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. हेमंत कुमार ने कहा कि तंबाकू एवं उसके उत्पादों का सेवन न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य बल्कि परिवार, समाज और पर्यावरण के लिए भी घातक है। उन्होंने बताया कि तंबाकू के सेवन से फेफड़े, लीवर, आंख, आंत, किडनी सहित शरीर के विभिन्न अंग प्रभावित होते हैं तथा कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने स्वयंसेवकों से लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी सह जिला नोडल पदाधिकारी प्रो. विद्यानंद यादव ने कहा कि तंबाकू में मौजूद निकोटीन एक धीमा जहर है, जो धीरे-धीरे मानव जीवन को समाप्त कर देता है। उन्होंने बताया कि बेहतर स्वास्थ्य के उद्देश्य से विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) द्वारा वर्ष 1987 से विश्व तंबाकू निषेध दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि तंबाकू सेवन से हर वर्ष विश्वभर में 70 लाख से अधिक लोगों की मौत होती है। तंबाकू की खेती से पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुंचता है, क्योंकि इसके लिए बड़े पैमाने पर वनों की कटाई और जल संसाधनों का उपयोग किया जाता है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 के विश्व तंबाकू निषेध दिवस की थीम "आकर्षण का पर्दाफाश – निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला" रखी गई है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने ग्रामीणों को तंबाकू सेवन से होने वाले स्वास्थ्य एवं पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी दी और इसके त्याग का संकल्प दिलाया।

कार्यक्रम में द्वितीय इकाई की कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. कुमारी पूनम, तृतीय इकाई के कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो. शंभू यादव, प्राध्यापक प्रो. अरुण कुमार, डॉ. अरविंद कुमार, प्रो. तरुण कुमार सिंह सहित शिक्षकेत्तर कर्मचारी गगन कुमार, दिग्दर्शन, रंजन कुमार, चिरंजीव कुमार तथा एनएसएस स्वयंसेवक प्रियांशु कुमारी, आस्था कुमारी, सिमरन गोयल, मिंटी कुमारी, दीपिका कुमारी, सरिता कुमारी एवं अन्य उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं