सुपौल। समस्तीपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक ज्योति प्रकाश मिश्रा ने रविवार को राघोपुर रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। करीब 26 मिनट तक स्टेशन परिसर में मौजूद रहकर उन्होंने यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, स्टेशन संचालन एवं विकास कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। डीआरएम के राघोपुर पहुंचते ही स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान डीआरएम ने स्टेशन परिसर, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पेयजल व्यवस्था, बैठने की सुविधा, साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। जहां भी कमियां नजर आईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। स्टेशन परिसर में लगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन शिलापट्ट के आसपास गंदगी देखकर डीआरएम ने नाराजगी जताई और स्टेशन अधीक्षक को तत्काल सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया।
स्थानीय लोगों ने सौंपा मांग पत्र
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने स्टेशन एवं रेल सेवा से जुड़ी कई महत्वपूर्ण समस्याओं को डीआरएम के समक्ष उठाया और मांग पत्र सौंपा। समाजसेवी उमेश गुप्ता एवं वार्ड पार्षद स्मृति कुमारी ने राघोपुर स्टेशन के समीप एनएच-106 पर बने रेलवे ओवरब्रिज के बाद ढाला बंद होने से आम लोगों को हो रही परेशानी से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि ढाला बंद होने के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों, व्यवसायियों एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। साथ ही नगर पंचायत सिमराही दो हिस्सों में बंट गया है तथा ओवरब्रिज पर पैदल चलने की समुचित व्यवस्था भी नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए लाइट ओवरब्रिज निर्माण की मांग की गई।
इसके अलावा स्थानीय नागरिकों ने स्टेशन परिसर में सामुदायिक शौचालय निर्माण, यात्री शेड विस्तार, पर्याप्त बेंच एवं बेहतर पेयजल सुविधा की मांग भी रखी।
नई ट्रेनों और विस्तार की उठी मांग
रेल परिचालन को लेकर भी कई अहम सुझाव डीआरएम के समक्ष रखे गए। समाजसेवी मयंक गुप्ता सहित अन्य लोगों ने फारबिसगंज अथवा ललितग्राम से सुपौल और सहरसा के लिए सुबह के समय पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग की, ताकि छात्रों, दैनिक यात्रियों एवं नौकरीपेशा लोगों को सुविधा मिल सके।
इसके अलावा सुपौल–नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन को ललितग्राम तक विस्तारित करने, रक्सौल–जोगबनी एक्सप्रेस को न्यू जलपाईगुड़ी तक विस्तार देने तथा दरभंगा–फारबिसगंज होकर कटिहार के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
संत अमरजीत ने सरायगढ़–देवघर स्पेशल ट्रेन को राघोपुर अथवा ललितग्राम तक विस्तार देने की मांग करते हुए इसे क्षेत्र की जरूरत बताया। वहीं सागर यादव ने स्टेशन पार्किंग परिसर के बाहर कुछ लोगों द्वारा अवैध पार्किंग शुल्क वसूले जाने का मामला उठाया, जिस पर डीआरएम ने तत्काल जांच एवं कार्रवाई का निर्देश दिया।
“सभी मांगों पर होगा गंभीरता से विचार” : डीआरएम
मीडिया से बातचीत में डीआरएम ज्योति प्रकाश मिश्रा ने कहा कि यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए स्टेशनों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं सही तरीके से मिल रही हैं या नहीं, इसकी लगातार समीक्षा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा स्टेशन विकास, ट्रेन ठहराव एवं रेल परिचालन विस्तार से संबंधित जो मांगें रखी गई हैं, उन सभी बिंदुओं पर गंभीरता से परीक्षण किया जाएगा, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
ललितग्राम स्टेशन को बनाया जाएगा आधुनिक टर्मिनल
ललितग्राम स्टेशन के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर डीआरएम ने बताया कि वहां वाशिंग पिट का निर्माण कार्य कराया जा रहा है और भविष्य में अन्य विकास कार्यों की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि फिलहाल ललितग्राम स्टेशन को टर्मिनल के रूप में विकसित किया जा रहा है तथा आगे इसे आधुनिक एवं सुंदर टर्मिनल के रूप में विकसित करने की योजना है।
निरीक्षण के बाद डीआरएम राघोपुर से ललितग्राम एवं अन्य स्टेशनों के निरीक्षण के लिए रवाना हो गए। इससे पूर्व उन्होंने सरायगढ़ रेलवे स्टेशन का भी निरीक्षण किया था।

कोई टिप्पणी नहीं