सुपौल। निर्मली अनुमंडल अंतर्गत सुपौल नदी थाना क्षेत्र के ललमनिया गांव में मिट्टी भराई के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पिता का इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान ललमनिया वार्ड-13 निवासी योगेंद्र राम के 8 वर्षीय पुत्र दिलखुश राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार दिलखुश गांव में खेल रहा था। इसी दौरान वार्ड-12 निवासी प्रयाग साह के यहां ट्रैक्टर से मिट्टी भराई का कार्य चल रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक तेज आवाज में गाना बजाते हुए वाहन चला रहा था। इसी बीच खेल रहा बच्चा अचानक ट्रैक्टर की चपेट में आ गया और उसके सीने पर ट्रैक्टर का चक्का गुजर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद ग्रामीणों की मदद से बच्चे को गंभीर अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल निर्मली पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. अखिलेश झा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक ने बताया कि बच्चा अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुका था।
ग्रामीणों ने बताया कि दिलखुश की मां बचपन में ही परिवार छोड़कर दूसरे स्थान पर चली गई थी। पिता योगेंद्र राम मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। ऐसे में इकलौते बेटे की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है और हर आंख नम है।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर मालिक मधुबनी जिले के छजना गांव का निवासी है, जबकि चालक ललमनिया के मुहरी गांव का रहने वाला है। घटना की सूचना मिलते ही नदी थाना पुलिस अनुमंडलीय अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

कोई टिप्पणी नहीं