Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

वीरपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10.5 किलो गांजा के साथ महिला गिरफ्तार



सुपौल। वीरपुर थाना क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत वीरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। रात्रि गश्ती के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बसंतपुर वार्ड संख्या-01 स्थित खोंटाहा गांव में छापेमारी कर 10.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया। मामले में एक महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

गिरफ्तार महिला की पहचान खोंटाहा गांव निवासी कामेश्वर यादव की पत्नी फूलों देवी (40 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद गांजा को जब्त कर लिया है तथा मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

नवपदस्थापित थानाध्यक्ष संजय दास ने बताया कि पुलिस टीम नियमित रात्रि गश्ती पर थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि खोंटाहा गांव स्थित एक घर में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के सत्यापन के बाद सब-इंस्पेक्टर पी.सी. पासवान एवं महिला सशस्त्र बल की जवानों के साथ उक्त घर में छापेमारी की गई।

तलाशी के दौरान घर से एक बैग बरामद हुआ। बैग की जांच करने पर उसमें गांजा पाया गया। पुलिस ने मौके पर ही गांजा जब्त कर घर में मौजूद महिला को हिरासत में ले लिया। थाना लाकर गांजा का वजन कराया गया, जिसमें कुल 10.5 किलोग्राम गांजा बरामद होने की पुष्टि हुई।

थानाध्यक्ष संजय दास ने कहा कि क्षेत्र में अपराध एवं नशे के कारोबार पर नियंत्रण उनकी पहली प्राथमिकता है। शराब, गांजा, स्मैक समेत अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम लोगों से भी नशे के कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं