Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पिपरा : प्रखंड की सभी 10 पंचायतों में सहयोग शिविर संपन्न, अधिकांश शिकायतों का मौके पर हुआ समाधान


सुपौल। बिहार सरकार के निर्देशानुसार आयोजित सहयोग शिविर के तीसरे चरण का आयोजन मंगलवार को पिपरा प्रखंड की बसहा, दीना पट्टी, रामनगर और थुमहा पंचायतों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इसके साथ ही प्रखंड की सभी 10 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन पूरा हो गया।

शिविर में प्रखंड एवं थाना स्तर से संबंधित विभिन्न समस्याओं के लिए आमजनों से आवेदन प्राप्त किए गए। अधिकारियों ने विभागीय कर्मियों की मौजूदगी में आवेदनों की जांच कर अधिकांश मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया। शिविर में लोगों की सुविधा के लिए राजस्व, पंचायती राज, आपूर्ति, विद्युत, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण (पीएचईडी), स्वास्थ्य, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा कृषि विभाग सहित विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर लगाए गए थे।

जिला प्रशासन द्वारा शिविर के सफल संचालन के लिए वरीय अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। रामनगर एवं बसहा पंचायत में सदर एसडीएम मनोहर कुमार साहू तथा थुमहा एवं दीना पट्टी पंचायत में वरीय उपसमाहर्ता विकास कुमार कर्ण की अध्यक्षता में शिविर आयोजित किया गया।

बसहा और दीनापट्टी पंचायत में प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेन्द्र पंडित तथा रामनगर एवं थुमहा पंचायत में अंचलाधिकारी उमा कुमारी ने आमजनों की शिकायतें सुनकर संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे, जिनमें अधिकांश आवेदन भूमि विवाद एवं राजस्व संबंधी मामलों से जुड़े रहे। थुमहा पंचायत के नोडल पदाधिकारी मिहिर कुमार ने बताया कि यहां कुल 40 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 16 मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं रामनगर, बसहा और दीना पट्टी पंचायतों के नोडल पदाधिकारी समाचार प्रेषण तक अंतिम आंकड़े उपलब्ध नहीं करा सके थे।

शिविर में पंचायत सचिव रघुनंदन मंडल, संजीव कुमार, बद्री प्रसाद विमल, कार्यपालक सहायक आरती कुमारी, उर्मिला कुमारी, निशा कुमारी, सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पदाधिकारियों की भी तैनाती की गई थी।

कोई टिप्पणी नहीं