सुपौल। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा लंबित आवेदनों के त्वरित निष्पादन के लिए चलाए जा रहे राजस्व महाअभियान की अवधि 21 जून तक बढ़ा दी गई है। अभियान के विस्तार के बाद पिपरा अंचल में भी अंचल अधिकारी उमा कुमारी के नेतृत्व में लंबित आवेदनों के निष्पादन का कार्य युद्धस्तर पर जारी है।
प्रखंड कार्यालय परिसर स्थित टीसीपी भवन के सभागार में राजस्व कर्मचारी, सर्वे अमीन, डाटा ऑपरेटर तथा अतिरिक्त संसाधनों से उपलब्ध कराए गए कर्मी दिन-रात कार्य में जुटे हैं। यहां प्राप्त आवेदनों की शत-प्रतिशत स्कैनिंग तथा संबंधित पोर्टलों पर अपलोडिंग का कार्य तेजी से किया जा रहा है, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
अंचल अधिकारी उमा कुमारी ने बताया कि राजस्व महाअभियान के तहत पिपरा अंचल में कुल 26,286 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 25,302 आवेदनों की स्कैनिंग एवं पोर्टल पर अपलोडिंग पूरी कर ली गई है, जबकि 13,696 आवेदनों में अपलोडिंग के बाद आवेदन (अप्लाई) की प्रक्रिया भी पूर्ण हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए सभी कर्मी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने राजस्व पदाधिकारी सुभाष चंद्र चौधरी, राजस्व कर्मचारी बब्बन कुमार, रमेश कुमार, भानु कुमार, विवेक कुमार, दिलीप रजक, सर्वे अमीन सौरभ कुमार, नवोद कुमार, निर्भय कुमार, अंशु कुमार, अतिकुर रहमान, डाटा ऑपरेटर रवि कुमार, गुड़िया कुमारी सहित अभियान में लगे सभी कर्मियों के अथक परिश्रम की सराहना की।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी लंबित आवेदनों का निष्पादन निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा कर लिया जाएगा, जिससे आम लोगों को राजस्व संबंधी सेवाओं का लाभ शीघ्र मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं