सुपौल। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सुपौल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे एनडीपीएस मामले के अभियुक्त संतोष कुमार मुखिया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे उसके घर की छत पर नशीले इंजेक्शनों को छोटे-छोटे पॉलीथीन पैकेटों में पैक करते हुए रंगे हाथ पकड़ा। मौके से भारी मात्रा में नशीले इंजेक्शन और एक स्मार्टफोन भी बरामद किया गया।
रविवार को सदर थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ राजीव रंजन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 जून को सुपौल थाना कांड संख्या 320/2026 के फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विद्यापुरी वार्ड संख्या-02 स्थित उसके आवास पर छापेमारी की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस टीम जब घर पहुंची तो संतोष कुमार मुखिया छत पर नशीले इंजेक्शनों को छोटे-छोटे पॉलीथीन पैकेटों में पैक कर रहा था। पुलिस ने तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया और मौके से बरामद सभी नशीले इंजेक्शनों को जब्त कर लिया। इस मामले में सुपौल थाना में एक और प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 2,115 वायल (4,230 एमएल) नशीले इंजेक्शन बरामद किए। इनमें NRX Buprenorphine Injection IP (Leegesic) 0.3 mg/ml के 1,230 वायल (2,460 एमएल) तथा Pheniramine Maleate Injection IP (Avil) के 885 वायल (1,770 एमएल) शामिल हैं। इसके अलावा एक स्मार्टफोन भी जब्त किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त संतोष कुमार मुखिया, पिता कमल मुखिया, मूल रूप से किशनपुर थाना क्षेत्र के बेलागोठ वार्ड संख्या-07 का निवासी है और वर्तमान में सुपौल के विद्यापुरी वार्ड संख्या-02 में रह रहा था। उसके विरुद्ध पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एसडीपीओ ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ सुपौल थाना कांड संख्या-21/2026 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम तथा कांड संख्या-320/2026 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22(बी), 25(के) एवं 29 के तहत मामला दर्ज है।
उन्होंने कहा कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और उन्हें कानून के कठघरे तक पहुंचाया जाएगा।
प्रेस वार्ता में सदर थाना प्रभारी रामसेवक रावत, एसआई आर.बी. सिंह, अभिषेक कुमार सहित पुलिस के अन्य अधिकारी एवं जवान मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं