सुपौल। निर्मली अनुमंडल अंतर्गत डगमारा थाना पुलिस ने वाहन जांच अभियान के दौरान कार्रवाई करते हुए 25 बोतल नेपाली शराब के साथ दो शराब कारोबारियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की गई।
थानाध्यक्ष धनेश्वर मंडल ने बताया कि नियमित गश्ती एवं वाहन जांच के दौरान पुलिस सोनापुर की ओर आने-जाने वाले लोगों की जांच कर रही थी। इसी क्रम में नेपाल से भारतीय क्षेत्र सोनापुर की ओर एक काले रंग का झोला लेकर जा रहे दो युवकों को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान झोले से 25 बोतल नेपाली 'करनाली गोल्ड' शराब बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही दोनों शराब कारोबारियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मोहन कुमार साह एवं गिरेंद्र कुमार, दोनों निवासी सोनापुर, डगमारा थाना क्षेत्र के रूप में हुई है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले में डगमारा थाना कांड संख्या 46/26 दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। इस कार्रवाई में एएसआई अमरेश सिंह सहित डगमारा थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।

कोई टिप्पणी नहीं