सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र की भपटियाही पंचायत के महादलित टोला वार्ड संख्या-7 में रविवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद ने नवजात बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर 28 जून से 2 जुलाई तक चलने वाले पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल ने बताया कि प्रखंड में 28 जून से 2 जुलाई तक पल्स पोलियो अभियान चलाया जाएगा, जबकि 4 जुलाई को छूटे हुए बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि अभियान की सफलता के लिए 54 टीमें, 7 ट्रांजिट टीम, 20 सुपरवाइजर, 2 डिपो एवं 7 सब-डिपो का गठन किया गया है।
डॉ. मंडल ने बताया कि अभियान के दौरान प्रखंड के कुल 28,617 नवजात एवं पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाएं, ताकि उन्हें पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।
कार्यक्रम में प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन, बीसीएम तपेश कुमार मंडल, लेखा प्रबंधक राजीव कुमार मिश्रा, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर किसलय झा, लीलानंद सिंह, आंगनबाड़ी सेविका लीलावती देवी, आशा कार्यकर्ता रीता देवी, कविता भारती सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

कोई टिप्पणी नहीं