सुपौल। भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 45वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल वीरपुर को बड़ी सफलता मिली है। सीमा चौकी शिमरीघाट के जवानों ने विशेष नाका ड्यूटी के दौरान 246.9 लीटर नेपाली शराब एवं एक साइकिल बरामद की है। हालांकि सुरक्षा बल को देखकर तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब 3:10 बजे सीमा चौकी शिमरीघाट के एसएसबी जवान भारत-नेपाल सीमा पर सीमा स्तंभ संख्या-221, स्पर-2295 के समीप विशेष नाका ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान जवानों की नजर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों पर पड़ी, जो साइकिल पर बोरियों में सामान लादकर भारतीय सीमा की ओर आ रहे थे। सुरक्षा बल को अपनी ओर बढ़ते देख तस्कर बोरियां और साइकिल छोड़कर फरार हो गए।
जवानों ने मौके पर छोड़ी गई बोरियों की तलाशी ली, जिसमें कुल 246.9 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक साइकिल भी जब्त की गई।
एसएसबी ने जब्त शराब एवं साइकिल को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अग्रिम कार्रवाई के लिए भपटियाही थाना को सुपुर्द कर दिया। इस कार्रवाई में मुख्य आरक्षी (सामान्य) किशन सहित अन्य एसएसबी जवान शामिल रहे।
45वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट गौरव सिंह ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों और तस्करी पर रोक लगाने के लिए एसएसबी लगातार सतर्कता के साथ अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि सीमा पर निगरानी और सघन तलाशी अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध तस्करी को सफल नहीं होने दिया जा सके।

कोई टिप्पणी नहीं