सुपौल। बिहार सरकार के पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार रविवार को पिपरा प्रखंड की सभी पंचायतों में पहली बार पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। अब प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य स्थानीय विकास को गति देना, ग्रामीणों की भागीदारी बढ़ाना तथा पंचायतों में जवाबदेही और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करना है।
निर्देश के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक पंचायत सरकार भवनों में आयोजित कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, पंचायत कर्मी, जीविका दीदियां, आशा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान पंचायत स्तर पर संचालित विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा ग्रामीणों से सुझाव भी लिए गए।
प्रखंड विकास पदाधिकारी अमरेंद्र पंडित ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आजीविका, जल संरक्षण तथा विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान और विकास कार्यों की जमीनी निगरानी भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम के दौरान पंचायतों में संचालित एवं प्रस्तावित विकास योजनाओं की जानकारी, सरकार से प्राप्त राशि तथा विभिन्न विकास कार्यों पर हुए व्यय का ब्यौरा भी ग्रामीणों के समक्ष प्रस्तुत किया गया। इससे योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ेगी और भ्रष्टाचार पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
हालांकि पंचायत विकास दिवस के प्रथम आयोजन में अधिकांश पंचायतों में आम लोगों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। अधिकारियों के अनुसार इसका मुख्य कारण कार्यक्रम का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होना रहा। सरकार ने भविष्य में प्रत्येक घर तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
पथरा उत्तर पंचायत में मुखिया मसरुद्दीन एवं पंचायत सचिव संजीव कुमार की उपस्थिति में पासवान टोला में निर्माणाधीन छतदार चबूतरे की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। वहीं कटैया माहे पंचायत में मुखिया रेखा कुमारी की अध्यक्षता में आयोजित पंचायत विकास दिवस में पंचायत की आय-व्यय की समीक्षा के साथ विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीडीओ अमरेंद्र पंडित ने कहा कि आने वाले महीनों में पंचायत विकास दिवस को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित हो सके और गांवों के सतत एवं समग्र विकास को नई गति मिल सके।

कोई टिप्पणी नहीं