सुपौल। सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 280 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल ने बताया कि प्रखंड क्षेत्र के सात स्वास्थ्य केंद्रों, जिनमें सीएचसी सरायगढ़-भपटियाही, राजकीय औषधालय लालगंज, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र महराजी चांदपीपर, एपीएचसी छिटही हनुमाननगर समेत अन्य केंद्र शामिल हैं, पर शिविर आयोजित कर गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई।
शिविर में चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। वहीं लैब टेक्नीशियन सत्यनारायण पासवान एवं मैथिली कुमारी द्वारा वीडीआरएल, ब्लड प्रेशर, शुगर, वजन, यूरिन, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न आवश्यक जांचें की गईं।
जांच के उपरांत चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा भारी वजन उठाने से परहेज करने की सलाह दी। उन्होंने सुरक्षित मातृत्व के लिए चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने पर भी जोर दिया।
शिविर में डॉ. चंद्रभूषण मंडल, डॉ. मयंक रंजन, डॉ. रविशंकर कुमार, सज्जाद अहमद, पवन ओझा, डॉ. रचना रानी, लेखापाल राजीव रंजन मिश्र, लीलानंद सिंह, स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन, बीसीएम तपेश कुमार मंडल सहित बड़ी संख्या में एएनएम एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाना है।

कोई टिप्पणी नहीं