सुपौल। क्षेत्र भ्रमण के दौरान वीरपुर पहुंचे छातापुर विधायक नीरज कुमार सिंह ने कोसी आईबी परिसर में जनता दरबार आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निष्पादन कराया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जनता दरबार में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे।
जनता दरबार के दौरान विधायक ने वीरपुर के नवपदस्थापित थानाध्यक्ष संजय दास को कोसी आईबी परिसर बुलाकर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वीरपुर सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण यहां नशे के कारोबार पर विशेष निगरानी रखने की आवश्यकता है। साथ ही थाना परिसर और उसके आसपास सक्रिय दलालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
विधायक नीरज सिंह ने कहा कि बिहार में अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शराब कारोबारियों एवं शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने पर जोर देते हुए कहा कि कानून का भय बना रहना आवश्यक है, तभी समाज में शांति और व्यवस्था कायम रह सकती है।
जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने सड़क, बिजली, पेयजल, अतिक्रमण समेत विभिन्न स्थानीय समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष राघवेंद्र झा, विधायक प्रतिनिधि गोपाल आचार्य, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभय कुमार जैन, जिला मंत्री आशीष देव सहित अनिल सिंह, पशुपति प्रसाद गुप्ता, मनीष सिंह, गौरव कुमार सिंह, पवन मेहता, महानंद झा, अनीस सिंह, उपेंद्र साह समेत दर्जनों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जनता दरबार के माध्यम से विधायक ने न केवल लोगों की समस्याएं सुनीं, बल्कि प्रशासन को भी कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रियता से कार्य करने का स्पष्ट संदेश दिया।

कोई टिप्पणी नहीं