Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

जिलाधिकारी ने पल्स पोलियो अभियान का किया शुभारंभ, 4.93 लाख बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य


सुपौल। जिले में 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से आयोजित पल्स पोलियो राष्ट्रीय टीकाकरण अभियान (एनआईडी-2026) का शुभारंभ रविवार को जिलाधिकारी सावन कुमार ने उर्दू मध्य विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-283 में बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा पिलाकर किया। यह अभियान 28 जून से 2 जुलाई 2026 तक जिलेभर में संचालित होगा।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहेब झा, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. ममता कुमारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीएचएस) बाल कृष्ण चौधरी, उर्दू मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक, सदर प्रखंड के चिकित्सा पदाधिकारी, बीएचएम, बीसीएम, बीएएम, बीएम एंड ई सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

शुभारंभ के दौरान जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग का कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को अभियान को शत-प्रतिशत सफल बनाने तथा प्रत्येक लक्षित बच्चे तक पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के तहत जिले के 4,26,948 घरों तक पहुंचकर 4,93,875 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए 976 हाउस-टू-हाउस टीम, 96 ट्रांजिट टीम, 17 मोबाइल टीम, 122 वन मैन टीम, 342 पर्यवेक्षक, 161 स्वास्थ्य संस्थान, 680 आईसीडीएस केंद्र, 1,063 आशा कार्यकर्ता तथा 675 स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाने की अपील करते हुए कहा कि यह खुराक बच्चों को आजीवन पोलियो से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

कोई टिप्पणी नहीं