सुपौल। छातापुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में रविवार को सरकार के निर्देशानुसार पहली बार पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संबंधित पंचायतों के मुखिया की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत कर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने भाग लिया। हालांकि पहले आयोजन में ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही, वहीं कई पंचायतों में पंचायत कर्मियों और वार्ड सदस्यों की मौजूदगी भी नगण्य रही। निर्धारित कार्यक्रम के तहत विकास कार्यों का वीडियो प्रदर्शन नहीं हो सका और प्रधानमंत्री के "मन की बात" का सीधा प्रसारण भी अधिकांश स्थानों पर नहीं हो पाया।
राजेश्वरी पूर्वी पंचायत में मुखिया रूबी कुमारी की अध्यक्षता में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सरदार, पंचायत सचिव मकशुद आलम, मुखिया प्रतिनिधि प्रभू कुमार प्रेम, पीआरएस विलास यादव, स्वच्छता पर्यवेक्षक संजय यादव सहित ग्रामीण मौजूद रहे।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत के सतत विकास के लिए संचालित योजनाओं एवं आगामी विकास कार्यों पर चर्चा की गई। साथ ही स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (LSDGs) की विभिन्न थीमों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
पंचायत सचिव मकशुद आलम ने बताया कि पंचायत विकास दिवस के प्रथम आयोजन में जनभागीदारी अपेक्षा से कम रही। उन्होंने कहा कि अगले माह आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक ग्रामीणों की भागीदारी तथा पंचायत कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में जयप्रकाश यादव, कृष्णा राज, संजय यादव, नजमुल हौदा, प्रमोद राम, विलास यादव, सुभाष यादव, कविता देवी समेत अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं