सुपौल। छातापुर प्रखंड क्षेत्र स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय केवला के सहायक शिक्षक एवं युवा साहित्यकार नरेश कुमार निराला को उनकी उत्कृष्ट साहित्यिक प्रतिभा और रचनात्मक लेखन के लिए "कुशल तुलिकाकार सम्मान" से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय कलम के सशक्त हस्ताक्षर मंच द्वारा आयोजित साहित्यिक प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता में श्री निराला ने "पिता घर का सारथी है" विषय पर अपनी प्रभावशाली रचना प्रस्तुत की, जिसने निर्णायकों एवं साहित्य प्रेमियों का ध्यान आकर्षित किया। मंच के संस्थापक अध्यक्ष विनोद वर्मा दुर्गेश ने उन्हें सम्मान-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
ज्ञात हो कि नरेश कुमार निराला पिछले 11 वर्षों से शिक्षक के रूप में कार्य करते हुए साहित्य, कविता एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर निरंतर लेखन कर रहे हैं। सम्मान मिलने पर विद्यालय परिवार के साथ-साथ साहित्य प्रेमियों में भी हर्ष का माहौल है।
सम्मान प्राप्ति के बाद श्री निराला ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका नहीं, बल्कि उन सभी पिता-पुत्र संबंधों का सम्मान है जो त्याग, संघर्ष और प्रेम की अमिट मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि "पिता घर का सारथी है" विषय पर लिखते समय उन्होंने हर उस पिता की भावना को शब्द देने का प्रयास किया, जो स्वयं कठिनाइयों का सामना कर अपने परिवार के सपनों को साकार करने में जुटा रहता है।
उन्होंने कहा कि उनकी रचना में पिता के त्याग, समर्पण और परिवार निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका का मार्मिक चित्रण किया गया है। एक शिक्षक होने के नाते उनका विश्वास है कि कलम केवल शब्द नहीं लिखती, बल्कि समाज में जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक परिवर्तन की नींव भी रखती है। उन्होंने भविष्य में भी शिक्षा और साहित्य के माध्यम से समाजहित में कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया।

कोई टिप्पणी नहीं