सुपौल। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के निर्देश पर पूर्व में आयोजित राजस्व महाअभियान के दौरान प्राप्त लंबित आवेदनों के निष्पादन के लिए गुरुवार से विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। प्रखंड सह अंचल कार्यालय परिसर स्थित एल.एन. सभागार में आयोजित शिविर में अंचलाधिकारी राकेश कुमार एवं राजस्व अधिकारी मो. अजमेरी अंसारी की उपस्थिति में आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया प्रारंभ की गई।
शिविर में राजस्व कर्मचारी, सर्वे अमीन एवं अन्य कर्मी लंबित आवेदनों की स्कैनिंग तथा पोर्टल पर अपलोडिंग का कार्य करते नजर आए। अंचलाधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि यह विशेष शिविर 11 जून से 17 जून तक संचालित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व में आयोजित राजस्व महाअभियान के दौरान प्राप्त करीब 25 हजार आवेदन विभिन्न कारणों से निष्पादन के लिए लंबित थे।
इन आवेदनों में डिजिटल जमाबंदी में त्रुटि सुधार, छूटी हुई जमाबंदियों को ऑनलाइन करना, उत्तराधिकार नामांतरण, बंटवारा आधारित नामांतरण सहित अन्य राजस्व संबंधी मामलों के आवेदन शामिल हैं। सभी लंबित आवेदनों की स्कैनिंग एवं पोर्टल पर अपलोडिंग की प्रक्रिया पूरी करने के बाद एक-एक आवेदन का निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
सीओ ने बताया कि विशेष शिविर के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर उनकी जिम्मेदारियां निर्धारित कर दी गई हैं। साथ ही निष्पादन कार्य की प्रगति की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा भी शिविर की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
उन्होंने कहा कि शिविर का उद्देश्य भूमिधारकों एवं भूमिस्वामियों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को अक्षम्य माना जाएगा। विशेष शिविर के माध्यम से राजस्व मामलों के त्वरित निष्पादन की दिशा में विभाग गंभीरता से कार्य कर रहा है।

कोई टिप्पणी नहीं