सुपौल। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर मंगलवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी सावन कुमार ने की।
बैठक में जिला शांति समिति के सभी सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान मुहर्रम 2026 के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, आपसी भाईचारा कायम रखने तथा पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने को लेकर सदस्यों एवं अधिकारियों के साथ विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा नगर परिषद एवं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। शांति समिति के सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से पर्व के दौरान विशेष सतर्कता बरतने का अनुरोध किया।
जिलाधिकारी सावन कुमार ने बताया कि इस वर्ष मुहर्रम का पर्व 26 जून 2026 को मनाया जाएगा। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया गया है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी मुहर्रम का पर्व जिले में शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न होगा। बैठक में पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक, अपर समाहर्ता सहित जिला प्रशासन के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं जिला शांति समिति के सभी सदस्य उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं