Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

त्रिवेणीगंज : करंट लगने से महिला की दर्दनाक मौत, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया



सुपौल। त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के औरलाहा पंचायत के वार्ड संख्या-7 में शुक्रवार को करंट लगने से 30 वर्षीय महिला की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटों को छोड़ गई हैं। मृतका की पहचान औरलाहा वार्ड संख्या-7 निवासी मनोज सदा की पत्नी पिंकी देवी (30) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, पिंकी देवी घर में पंखा चलाने के लिए बिजली का प्लग बोर्ड में लगा रही थीं। इसी दौरान वह अचानक करंट की चपेट में आ गईं। करंट का झटका इतना तेज था कि वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। मृतका के दोनों मासूम बेटे अपनी मां को देखकर बिलखते रहे, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। पिंकी देवी अपने पीछे 12 वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार और 8 वर्षीय पुत्र प्रभास कुमार को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से दोनों बच्चों के सिर से ममता का साया उठ गया।

घटना की सूचना पर प्रभारी थानाध्यक्ष पिंकी कुमारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज भेजा, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक सोनम रानी अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए बिजली के उपकरणों एवं खुले तारों का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। उनका कहना है कि थोड़ी सी लापरवाही भी इस तरह के दर्दनाक हादसे का कारण बन सकती है।

कोई टिप्पणी नहीं