सुपौल। नेपाल सीमा से सटे एसएसबी के सतना बीओपी क्षेत्र में अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सशस्त्र सीमा बल ने नई पहल शुरू की है। सतना बीओपी अंतर्गत वीरपुर नगर पंचायत के वार्ड संख्या-01 स्थित मरबैता टोला से नेपाल जाने वाली पगडंडी पर जेसीबी मशीन से लगभग पांच फीट गहरे गड्ढे खोदे गए हैं, ताकि इस रास्ते से बाइक एवं चारपहिया वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोकी जा सके।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में इसी पगडंडी के रास्ते नेपाल से करीब 17 क्विंटल गांजा लदे एक पिकअप वाहन को भारतीय सीमा में प्रवेश कराने का प्रयास किया गया था। हालांकि एसएसबी जवानों की सतर्कता से तस्करों की यह कोशिश नाकाम हो गई थी। कार्रवाई के दौरान तस्करों ने जवानों को वाहन से कुचलने का भी प्रयास किया था। इस घटना की पुष्टि एसएसबी पूर्णिया रेंज के डीआईजी मधुकर अमिताभ ने प्रेस वार्ता में की थी।
एसएसबी अधिकारियों का कहना है कि तस्कर मुख्य सड़कों पर निगरानी बढ़ने के बाद पगडंडियों और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर अवैध गतिविधियों को अंजाम देते हैं। इन रास्तों से मादक पदार्थों सहित अन्य प्रतिबंधित सामानों की तस्करी की जाती है, जिससे सीमा सुरक्षा के साथ-साथ जवानों की सुरक्षा भी प्रभावित होती है।
इन्हीं चुनौतियों को देखते हुए एसएसबी ने मरबैता टोला की पगडंडी पर गहरे गड्ढे बनाकर वाहनों की आवाजाही रोकने की रणनीति अपनाई है। अधिकारियों के अनुसार यह फिलहाल एक अस्थायी लेकिन प्रभावी सुरक्षा उपाय है। भविष्य में सीमा क्षेत्र में तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए और अधिक सख्त तथा तकनीकी उपाय भी किए जाएंगे।
स्थानीय लोगों ने एसएसबी की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सीमावर्ती क्षेत्र में तस्करी की घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगेगी और भारत-नेपाल सीमा की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

कोई टिप्पणी नहीं