सुपौल। शहर स्थित श्री राधा कृष्ण ठाकुरबाड़ी परिसर में बाबा श्री श्याम मंदिर की चौथी वर्षगांठ गुरुवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में सैकड़ों श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह स्थानीय माल गोदाम मंदिर से निकाली गई भव्य निशान यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धालु बाबा श्री श्याम के जयकारे लगाते हुए शहर के विभिन्न मार्गों से होकर श्री राधा कृष्ण ठाकुर वाड़ी स्थित श्याम शरणम् पहुंचे, जहां बाबा श्री श्याम के दरबार में श्रद्धापूर्वक निशान अर्पित किया गया।
निशान यात्रा का मुख्य आकर्षण राजस्थान के सूरतगढ़ से लाया गया बाबा श्री श्याम का विशेष निशान रहा। श्रद्धालुओं ने श्रद्धा के साथ उसका स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। दोपहर एक बजे से अखंड श्याम पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर बाबा श्री श्याम का गुणगान किया। शाम छह बजे दिव्य ज्योति प्रज्वलित कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं संध्याकालीन आरती संपन्न हुई।
आरती के बाद आयोजित भक्ति जागरण में मधेपुरा से आईं प्रसिद्ध भजन गायिका नेहा अग्रवाल ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भजनों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते रहे और बाबा श्री श्याम के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। स्थानीय भजन गायकों ने भी अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय वातावरण बनाया।
देर रात तक चले धार्मिक आयोजन का समापन भंडारा एवं प्रसाद वितरण के साथ हुआ। आयोजन को सफल बनाने में श्री श्याम परिवार के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

कोई टिप्पणी नहीं