सुपौल। जिले में महिला उत्पादन इकाइयों (WPU) के नियमित निरीक्षण एवं स्वच्छता प्रबंधन नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर 3 जून 2026 को जिला स्तर पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में जिले के सभी प्रखंड समन्वयक एवं प्रभारी प्रखंड समन्वयकों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान WPU निरीक्षण की प्रक्रिया को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से Epicollect App पर 'WPU Inspection Supaul' नामक प्रोजेक्ट तैयार किया गया। सभी प्रखंड समन्वयकों एवं प्रभारी प्रखंड समन्वयकों को इस ऐप के माध्यम से निरीक्षण कार्य संपादित करने का निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम में बताया गया कि प्रत्येक प्रखंड समन्वयक अपने क्षेत्र के अंतर्गत संचालित प्रत्येक WPU का प्रतिमाह कम-से-कम दो बार निरीक्षण करेंगे। साथ ही प्रत्येक माह की 15 तारीख तक सभी WPU द्वारा किए गए कार्यों का कम-से-कम एक बार सत्यापन एवं मूल्यांकन करना अनिवार्य होगा। यह विशेष निरीक्षण अभियान 3 जून 2026 से जिले भर में प्रारंभ कर दिया गया है।
इसके अतिरिक्त 5 जून 2026 को आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभा के मद्देनजर सभी प्रखंड समन्वयकों एवं प्रभारी प्रखंड समन्वयकों को SWM Rules 2026 (Solid Waste Management Rules 2026) की विस्तृत जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में ग्राम सभा के माध्यम से आमजन को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी नियमों की जानकारी देने तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों ने कहा कि नियमित निरीक्षण, प्रभावी निगरानी एवं जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छता एवं विकास संबंधी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को सुनिश्चित किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं