Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

प्रतापगंज : अवैध शराब भट्ठी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 110 लीटर देशी शराब बरामद




सुपौल। प्रतापगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए तेकुना पंचायत के वार्ड संख्या-9 स्थित इमामपट्टी आदिवासी टोला के समीप नदी किनारे संचालित एक अवैध देशी शराब भट्ठी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 110 लीटर तैयार देशी शराब बरामद की, शराब बनाने में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए तथा करीब 200 लीटर कच्चा जावा मौके पर ही नष्ट कर दिया।

थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने बताया कि रविवार सुबह वाहन जांच एवं अवैध शराब के विरुद्ध विशेष अभियान के दौरान वे चौकीदार उमेश पासवान और सशस्त्र बल के साथ गश्ती पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि इमामपट्टी में नदी किनारे अवैध रूप से देशी शराब का निर्माण किया जा रहा है।

सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम जब बताए गए स्थान पर पहुंची तो पुलिस वाहन को देखकर दो महिलाएं पाट के खेत की ओर भागने लगीं। पुलिसकर्मियों ने उनका पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन घने पाट के खेत का लाभ उठाकर दोनों फरार होने में सफल रहीं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 110 लीटर तैयार देशी शराब बरामद की, शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण जब्त किए तथा करीब 200 लीटर कच्चा जावा नष्ट कर दिया। बरामद शराब को जब्त कर थाना लाया गया है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार दोनों अज्ञात महिलाओं के विरुद्ध बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं