सुपौल। सुपौल सदर प्रखंड अंतर्गत पंचायत सरकार भवन करिहो में रविवार (26 जुलाई 2026) को आयोजित पंचायत विकास दिवस कार्यक्रम में जिलाधिकारी सावन कुमार (भा.प्र.से.) ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों से संबंधित प्राप्त आवेदनों का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि पंचायत विकास दिवस का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लोगों तक आसानी से पहुंचाना तथा उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार शीघ्र निष्पादन किया जाए, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, आवास, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व एवं अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हुए समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं