सुपौल। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापगंज में गुरुवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (पीएमएसएमए) के तहत विशेष प्रसवपूर्व जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचीं।
शिविर के दौरान चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की टीम ने गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप, वजन, हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, रक्त एवं मूत्र जांच सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण किए। जांच के बाद चिकित्सकों ने महिलाओं को संतुलित आहार, नियमित टीकाकरण, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों के सेवन तथा संस्थागत प्रसव के महत्व की जानकारी दी।
चिकित्सकों ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखने एवं नियमित फॉलोअप कराने की सलाह भी दी।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. आनंद कुमार सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 112 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई, जिनमें दो महिलाओं में खून की कमी (एनीमिया) पाई गई। दोनों को आवश्यक दवा एवं चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया गया।
शिविर में डॉ. आनंद कुमार सिंह, डॉ. चंद्रकिरण, सुजीत कुमार पंकज, राजकुमार चौधरी, प्रफ्फुल प्रियदर्शी, संजू कुमार, सुधांशु कुमार तथा एएनएम सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं