Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

पिपरा : पाट लदे ट्रैक्टर से गिरकर किसान की दर्दनाक मौत, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़


सुपौल। पिपरा थाना क्षेत्र के दुबियाही पंचायत स्थित दुलारी वार्ड संख्या-15 में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय किसान राधेश्याम साह की मौके पर ही मौत हो गई। पाट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गिरने के बाद ट्रॉली का पहिया उनके सिर और सीने पर चढ़ गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार राधेश्याम साह अपने खेत से काटा गया पाट भाड़े की ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लादकर चम्पानगर जाने वाली मुख्य सड़क के किनारे स्थित गड्ढे के पास ले जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रॉली में क्षमता से अधिक पाट लदा हुआ था। राधेश्याम पाट के ऊपर बैठकर रस्सी से उसे कसकर बांध रहे थे।

बताया जाता है कि चम्पानगर सड़क पर पुल के समीप गड्ढे और मोड़ होने के कारण चालक ने अचानक ट्रैक्टर मोड़ा, जिससे ट्रॉली में तेज झटका लगा। संतुलन बिगड़ने से राधेश्याम पाट के बोझ के साथ नीचे गिर पड़े और ट्रॉली का पिछला पहिया उनके सिर और सीने पर चढ़ गया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राधेश्याम साह अपने परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और छह बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। पति की मौत की खबर मिलते ही उनकी पत्नी बेसुध हो गई।

ग्रामीणों ने बताया कि राधेश्याम साह हर वर्ष पाट की खेती करते थे और उसी की आय से पूरे परिवार का भरण-पोषण करते थे। बेटियों की शादी भी उन्होंने पाट की खेती से होने वाली आमदनी से ही की थी। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।

कोई टिप्पणी नहीं