सुपौल। बिहार लोक सेवा आयोग की विज्ञापन संख्या-03/2026 के तहत मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध के पद पर नियुक्ति के लिए 12 जुलाई 2026 (रविवार) को एकल पाली में प्रारंभिक लिखित प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसको लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी ने सभी केंद्राधीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों, जोनल दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों तथा परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ विस्तृत ब्रीफिंग की।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने परीक्षा संचालन से जुड़े सभी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए कहा कि परीक्षा की गोपनीयता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मियों को पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
ब्रीफिंग के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच, परीक्षा केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने, प्रश्नपत्रों की सुरक्षित प्राप्ति एवं वितरण, प्रतिबंधित सामग्रियों पर रोक, कक्ष निरीक्षण व्यवस्था तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा में कदाचार या किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा निर्धारित समय से पहले अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने में सहयोग करें।

कोई टिप्पणी नहीं