सुपौल। मुख्य सचिव बिहार से प्राप्त निर्देश के आलोक में जिला पदाधिकारी द्वारा जिले में 13 अगस्त 2026 तक 29,299 नए राशन कार्ड बनाने का एवं लक्ष्य की प्राप्ति हेतु प्रतिदिन लगभग 977 राशन कार्ड बनाने का दैनिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिलाधिकारी सावन कुमार द्वारा इस संबंध में सभी अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचल अधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों एवं अन्य संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि पंचायत स्तर तक विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाकर पात्र परिवारों की पहचान सुनिश्चित करें तथा पात्र एवं वंचित परिवारों के राशन कार्ड हेतु अधिकाधिक आवेदन Smart PDS Portal के माध्यम से करवाएं ।
आवेदक अपने मोबाइल, साइबर कैफे या पंचायत भवन से आसानी से https://br.smartpds.nic.in/login/aadhar-login पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए आवश्यक दस्तावेजों में आधार कार्ड (मोबाइल लिंक्ड), जाति, आय एवं निवास प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, पारिवारिक फ़ोटो में आवेदक सम्मिलित हो।
जिला पदाधिकारी द्वारा प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। जन-जागरूकता के लिए पंचायतों में माइकिंग, प्रचार-वाहन, ग्राम सभाओं, जनप्रतिनिधियों, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा अन्य स्थानीय माध्यमों का व्यापक उपयोग किया जाएगा ताकि अभियान की जानकारी प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुँच सके।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन कार्ड निर्माण से संबंधित आवश्यक प्रमाण-पत्रों एवं अन्य औपचारिकताओं का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करें तथा प्रतिदिन लक्ष्य के अनुरूप प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन, सुपौल सभी पात्र एवं वंचित परिवारों से अपील करता है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए 31 जूलाई, 2026 तक नए राशन कार्ड हेतु आवेदन करें, ताकि उन्हें सत्यापनोपरांत 13 अगस्त 2026 तक राशन कार्ड उपलब्ध करवा दिया जाए और राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाले खाद्यान्न एवं अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर प्राप्त हो सके।


कोई टिप्पणी नहीं