सुपौल। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य, गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिलाधिकारी सावन कुमार की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जिले के गणमान्य नागरिकों एवं समाजसेवियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य 15 अगस्त 2026 के स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा करना तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों के सफल आयोजन की रूपरेखा तय करना था।
बैठक में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कार्यक्रम की समय-सारणी एवं संचालन व्यवस्था, मुख्य समारोह स्थल की साफ-सफाई, रंग-रोगन और साज-सज्जा, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन, परेड के पूर्वाभ्यास, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा आमंत्रण पत्र वितरण, प्रोटोकॉल व्यवस्था, जिले में विशिष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने के लिए सूची तैयार करने, सभी महादलित टोलों एवं उनसे संबद्ध पदाधिकारियों की सूची तैयार करने तथा नागरिक बनाम प्रशासन बैडमिंटन मैच के आयोजन को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसके सफल आयोजन में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि समारोह गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, सिविल सर्जन, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, जिला प्रशासन के अन्य पदाधिकारी तथा जिले के गणमान्य नागरिक एवं समाजसेवी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं