सुपौल। सावन माह के पावन अवसर पर निर्मली अनुमंडल क्षेत्र स्थित बाबा खुटेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर में आयोजित होने वाली 9 दिवसीय शिव पुराण कथा के शुभारंभ से पूर्व बुधवार को पूर्णिमा के अवसर पर भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में लगभग 100 कन्याओं ने भाग लिया और पूरा क्षेत्र 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।
कलश यात्रा बाबा खुटेश्वर नाथ महादेव मंदिर परिसर से ढोल-नगाड़ों और भक्ति संगीत के बीच निकली। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजी कन्याएं सिर पर कलश लेकर कोशी प्रोजेक्ट, थाना क्षेत्र, पश्चिम टोला, कुनौली बाजार, भन्सार और बेरिया घाट होते हुए बथनाहा के रास्ते कोसी नदी पहुंचीं। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में पवित्र जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर परिसर स्थित कथा स्थल पहुंचे।
पूरे मार्ग में श्रद्धालु 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष लगाते रहे। भक्ति और उत्साह से सराबोर इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं के साथ नेपाल से भी शिवभक्तों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
शिव पुराण कथा के लिए मंदिर परिसर में आकर्षक एवं भव्य पंडाल तैयार किया गया है। दूर-दराज से आए कलाकारों ने पंडाल को मनमोहक डिजाइनों से सजाया है। वहीं, विद्वान कथावाचक नौ दिनों तक शिव महापुराण का वाचन करेंगे।
मंदिर के पुजारी रमाकांत गिरी ने बताया कि प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 9 बजे तक दक्ष एवं विद्वान पंडितों द्वारा भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया जाएगा। इसके बाद शिव पुराण कथा का वाचन होगा। उन्होंने कहा कि सावन माह में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य जनकल्याण एवं आध्यात्मिक चेतना का प्रसार है। शिव पुराण का श्रवण करने वाले श्रद्धालुओं का जीवन निश्चित रूप से धन्य होगा।
कलश यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वहीं, आयोजन समिति के स्वयंसेवक भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरे उत्साह के साथ अपनी सेवाएं देते नजर आए।

कोई टिप्पणी नहीं