Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

टीबी मुक्त भारत अभियान: सुपौल में 182 टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित




सुपौल। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रविवार को सदर अस्पताल के सभागार में 182 यक्ष्मा (टीबी) रोगियों के बीच निक्षय पोषण किट का वितरण किया गया। जिला पदाधिकारी सावन कुमार एवं सिविल सर्जन डॉ. बाबू साहब झा ने संयुक्त रूप से मरीजों को पोषण किट प्रदान कर उन्हें नियमित उपचार और पौष्टिक आहार अपनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी सावन कुमार ने कहा कि टीबी के सफल उपचार में नियमित दवा के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि निक्षय पोषण योजना का उद्देश्य टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराकर उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहयोग देना तथा टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को साकार करना है।

कार्यक्रम के दौरान सभी टीबी रोगियों को निर्धारित अवधि तक नियमित रूप से दवा लेने, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन करने तथा उपचार बीच में नहीं छोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि समय पर उपचार और उचित पोषण से टीबी को पूरी तरह ठीक किया जा सकता है।

इस मौके पर सदर अस्पताल की उपाधीक्षक डॉ. नूतन वर्मा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम), डीएमएनई, अस्पताल प्रबंधक, वरिष्ठ उपचार प्रयोगशाला पर्यवेक्षक मो. रेहान, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक शंभू कुमार चौधरी, सुधांशु शेखर (डीपीएस), कुंदन कुमार (सीएसडब्ल्यू-डीएफआईटी) सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं