सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी 199 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बुधवार को टेक होम राशन (टीएचआर) का वितरण किया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा 6 माह से 6 वर्ष तक के पंजीकृत बच्चों को विभागीय मानकों के अनुसार सूखा पोषाहार उपलब्ध कराया गया।
सुबह से ही विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर लाभुकों की भीड़ देखी गई। आंगनबाड़ी सेविकाओं ने लाभार्थियों का फेस कैप्चर सत्यापन करने के बाद निर्धारित मात्रा में टीएचआर का वितरण किया। वितरण कार्य को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं, जिससे लाभुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई।
सेविकाओं ने बताया कि विभागीय निर्देशों के अनुरूप सभी केंद्रों पर समयबद्ध तरीके से टीएचआर का वितरण सुनिश्चित किया गया। इस दौरान लाभुकों को पोषण, स्वच्छता और संतुलित आहार के महत्व के बारे में भी जागरूक किया गया। गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को नियमित रूप से पोषाहार लेने तथा बच्चों के बेहतर शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित भोजन की जानकारी दी गई।
सीडीपीओ रंजना कुमारी ने बताया कि 13 जुलाई की रात सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं के सरकारी बैंक खातों में पोषाहार की राशि उपलब्ध करा दी गई थी। इसके बाद बुधवार को प्रखंड के सभी 199 आंगनबाड़ी केंद्रों पर टेक होम राशन का वितरण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग का उद्देश्य सभी पात्र लाभुकों तक समय पर गुणवत्तापूर्ण पोषाहार पहुंचाना और कुपोषण की रोकथाम करना है।

कोई टिप्पणी नहीं