Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

खेत जोतने के विवाद में ट्रैक्टर चालक की पिटाई, आक्रोशित परिजनों ने आधे घंटे तक एनएच-327ए किया जाम



सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के नौआबाखर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित सिमराहा गांव में शुक्रवार को खेत जोतने के विवाद में हुई मारपीट में एक ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के विरोध में आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने किशनपुर बाजार के गोल चौक पर एनएच-327ए को करीब आधे घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, खेत जोतने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। मारपीट के दौरान सिमराहा गांव निवासी 30 वर्षीय ट्रैक्टर चालक सुशील कुमार मंडल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किशनपुर में भर्ती कराया गया।

घटना से नाराज परिजन और ग्रामीण घायल को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गोल चौक पहुंचे और एनएच-327ए जाम कर विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि आरोपित पक्ष पहले भी कई बार मारपीट की घटनाओं को अंजाम दे चुका है, लेकिन हर बार मामला दबा दिया जाता है। उन्होंने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।

सड़क जाम की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष जांच और कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो सका।

थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि घायल के फर्द बयान के आधार पर नौआबाखर निवासी कामेश्वर यादव एवं उनके परिजनों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, सीएचसी किशनपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि घायल के शरीर पर कई गंभीर चोटों के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं