Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

किशनपुर : शौचालय के खुले टैंक में गिरने से 7 वर्षीय बच्ची की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम




सुपौल। किशनपुर प्रखंड के करहिया पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या-5 स्थित अभूआर गांव में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में शौचालय के खुले टैंक में गिरने से सात वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। मृतका की पहचान संजय मुखिया की पुत्री जूली कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

मिली जानकारी के अनुसार, रविवार करीब तीन बजे जूली कुमारी गांव के ही एक बांसबाड़ी में सूखी लकड़ियां चुनने गई थी। इसी दौरान वहां बने शौचालय के टैंक का ढक्कन नहीं होने के कारण वह उसमें गिर गई। साथ गई दूसरी बच्ची ने उसे गिरते देखा और शोर मचाकर लोगों को बुलाने की कोशिश की, लेकिन जब कोई समय पर नहीं पहुंचा तो वह दौड़कर जूली के घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और बच्ची को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि जूली चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। बेटी की असमय मौत से मां गीता देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस ने मामले की जानकारी ली। किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन कुमार ने बताया कि परिजनों ने बच्ची की कम उम्र का हवाला देते हुए पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है।

वहीं, स्वच्छता पर्यवेक्षक रूबी कुमारी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी। जानकारी मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में खुले एवं असुरक्षित शौचालय टैंकों को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने ऐसे टैंकों को सुरक्षित ढंग से ढकने और आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं