सुपौल। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला स्तरीय आवासीय विद्यालय अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय, पिपरा एवं अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 विद्यालय, पिपरा में जीविका की दीदी की रसोई के माध्यम से संचालित मेस व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान मेस संचालन, भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पोषण मानकों तथा दैनिक व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि छात्राओं को समय पर पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जीविका द्वारा संचालित मेस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा भोजन की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जीविका के संचालन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शिकायतों का त्वरित निष्पादन किया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य कर समयबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि जीविका एवं संबंधित विभाग संयुक्त रूप से कार्य करते हुए आवासीय विद्यालयों में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन, स्वच्छ वातावरण और बेहतर आवासीय सुविधाएं लगातार उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कदम उठाएंगे।
बैठक में जिला कल्याण पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका), अनुमंडल पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण पदाधिकारी, त्रिवेणीगंज-सह-विद्यालय प्रबंधक, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, पिपरा-सह-विद्यालय प्रबंधक, दोनों विद्यालयों के प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।


कोई टिप्पणी नहीं