Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

स्वच्छ भारत मिशन और पीएम आवास योजना की समीक्षा, लापरवाही पर कार्रवाई के निर्देश



सुपौल। उप विकास आयुक्त इन्द्रवीर कुमार ने गुरुवार को समाहरणालय में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)/लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान फेज-2 एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की प्रखंडवार समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड समन्वयक, जीविका के बीपीएम, आवास पर्यवेक्षक सहित संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत महादलित टोलों में शौचालय निर्माण, ऋण वितरण एवं भुगतान, आवंटन बनाम व्यय, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन (SLWM), वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) तथा सामुदायिक स्वच्छता परिसर (CSC) के निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने छातापुर एवं बसंतपुर के बीडीओ को सामुदायिक स्वच्छता परिसर (CSC) का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने तथा मरौना के बीडीओ को अविलंब निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी प्रखंडों में निर्मित सीएससी को नियमित रूप से संचालित रखने और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

उन्होंने महादलित टोलों में शौचालय निर्माण से वंचित परिवारों को प्रेरित कर लक्ष्य के अनुरूप शौचालय निर्माण एवं समय पर भुगतान सुनिश्चित कराने को कहा। भूमिहीन परिवारों के लिए सामुदायिक स्वच्छता परिसर निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्राप्त करने और निर्माण कार्य शुरू करने के निर्देश भी दिए। सुपौल प्रखंड के गोपालपुर सिरे पंचायत में वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU) के लिए भूमि चिन्हित कर कार्य प्रारंभ करने का भी निर्देश दिया गया।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उप विकास आयुक्त ने सभी बीडीओ एवं आवास पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि पहली किस्त प्राप्त सभी लाभार्थियों से शत-प्रतिशत आवास निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशि मिलने के बाद भी कार्य शुरू नहीं करने वाले लाभार्थियों को पहले उजला नोटिस, फिर लाल नोटिस जारी किया जाए। इसके बावजूद भी निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर नियमानुसार राशि वसूली की कार्रवाई की जाए।

इसके अलावा जिन लाभार्थियों ने अपने आवास का निर्माण पूरा कर लिया है, उनका जियो टैग कराते हुए द्वितीय एवं तृतीय किस्त का भुगतान शीघ्र सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में डीआरडीए के निदेशक (लेखा एवं स्वनियोजन) आशुतोष कुमार, जिला परियोजना प्रबंधक (जीविका) तथा जिला सलाहकार (सीबी एवं आईईसी) सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं