सुपौल। महिला एवं बाल विकास निगम, सुपौल के तत्वावधान में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन (DHEW) द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत पिपरा प्रखंड स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय में 'सखी वार्ता' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेविकाओं एवं अन्य प्रतिभागियों को महिलाओं और किशोरियों से जुड़े अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह, लैंगिक हिंसा, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूकता फैलाना तथा महिलाओं को उपलब्ध सरकारी सहायता सेवाओं से अवगत कराना था।
सखी वार्ता के दौरान DHEW की टीम ने बताया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है, जो बालिकाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। प्रतिभागियों को विवाह की वैधानिक आयु, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम तथा अपने-अपने पोषक क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने की जिम्मेदारी के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पोषण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। साथ ही संकट की स्थिति में मिलने वाली कानूनी सहायता, परामर्श, अस्थायी आश्रय, चिकित्सा सुविधा और पुलिस सहयोग जैसी सेवाओं की जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को बताया गया कि सुपौल में वन स्टॉप सेंटर का संचालन सदर अस्पताल परिसर में किया जा रहा है। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिला हेल्पलाइन 181 के उपयोग और महत्व से भी अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी भी साझा की गई। इस अवसर पर जिला मिशन समन्वयक हरिनारायण कुमार, केस वर्कर आरती कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ नीतू कुमारी, लैंगिक विशेषज्ञ मोहम्मद तारीक सिद्धकी, महिला पर्यवेक्षिका किरण कुमारी, सेविकाएं एवं अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं