सुपौल। सदर प्रखंड के बरूआरी पंचायत अंतर्गत गंगापट्टी गांव वार्ड संख्या-14 में देर रात भीषण आग लगने से तीन परिवारों का घर और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आग की चपेट में मोहम्मद अनुल साह, मोहम्मद मुस्ताक साह और मोहम्मद गुफरान के घर आ गए। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया। बाद में दमकल की गाड़ी पहुंचने पर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक तीनों परिवारों के घरों में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, जेवरात, तीन सिलाई मशीनें, बकरी, ग्राहकों के सिलाई के कपड़े तथा नगद राशि सहित लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो चुकी थी।
घटना की जानकारी मिलने पर युवा कांग्रेस के बिहार प्रदेश सचिव लक्ष्मण कुमार झा पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और अंचल अधिकारी से फोन पर बातचीत कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र सरकारी सहायता एवं उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की।
लक्ष्मण कुमार झा ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर से पीड़ित परिवारों के लिए खाने-पीने की सामग्री और तिरपाल की व्यवस्था कराई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सरकारी मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन से तत्काल राहत सामग्री और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

कोई टिप्पणी नहीं