सुपौल। समाहरणालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में शुक्रवार को आयोजित जिला जनता दरबार में जिलाधिकारी सावन कुमार ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। जनता दरबार में कुल 60 आवेदन प्राप्त हुए।
जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदन की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
जनता दरबार में भूमि विवाद, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, अतिक्रमण, विकास योजनाओं एवं अन्य जनहित से जुड़े मामलों पर लोगों ने अपनी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पात्र आवेदकों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराई जाए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी विकाश कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा) विकास कुमार कर्ण, वरीय उप समाहर्ता पुष्पा कुमारी, वरीय उप समाहर्ता मुकेश कुमार सहित अन्य संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं