सुपौल। जिलाधिकारी के निर्देश पर सरायगढ़-भपटियाही प्रखंड में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों के विरुद्ध प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए हॉस्पिटल रोड, भपटियाही स्थित सूर्या नर्सिंग होम को सील कर दिया। संयुक्त छापेमारी के दौरान अस्पताल में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने के बाद ऑपरेशन थिएटर सहित आठ कमरों को सील कर दिया गया।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी अच्युतानंद, अंचलाधिकारी कुणाल गौरव, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल तथा भपटियाही थाना की एसआई वर्षा कुमारी ने किया। जांच के दौरान अस्पताल में दो मरीज भर्ती मिले। इनमें झिलाडुमरी पंचायत के सदानंदपुर गांव की 22 वर्षीय अंशु कुमारी, जिनका ऑपरेशन के माध्यम से प्रसव कराया गया था, तथा अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र के चकला गांव की 30 वर्षीय रंजू देवी, जिनका यूटरस का ऑपरेशन किया गया था। अधिकारियों ने दोनों मरीजों से पूछताछ कर उनके उपचार से संबंधित जानकारी ली।
जांच के दौरान नर्सिंग होम के संचालक राघोपुर थाना क्षेत्र के नरहा गांव निवासी ललन कुमार से अस्पताल के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारियों ने ऑपरेशन थिएटर, ओटी रूम एवं पूरे अस्पताल परिसर का निरीक्षण किया।
निरीक्षण में पाया गया कि नर्सिंग होम में सरकारी मानकों के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं का अभाव था। अस्पताल में चिकित्सक की अनुपस्थिति समेत कई गंभीर खामियां मिलने पर प्रशासन ने ऑपरेशन थिएटर सहित कुल आठ कमरों को सील कर दिया।
कार्रवाई के दौरान औषधि निरीक्षक सरफराज आलम ने ऑपरेशन में प्रयुक्त दवाओं को जब्त कर उनके नमूने जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। वहीं, भपटियाही थाना पुलिस नर्सिंग होम संचालक ललन कुमार को पूछताछ के लिए थाना ले गई।
छापेमारी के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. चंद्रभूषण मंडल, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक प्रेमचंद रंजन, बीसीएम तपेश कुमार, लेखा प्रबंधक राजीव रंजन मिश्रा, एएसआई राजेंद्र प्रसाद यादव, पीटीसी विकास कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद प्रखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित निजी नर्सिंग होम के संचालकों में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि बिना मान्यता अथवा मानकों का उल्लंघन कर संचालित अस्पतालों के खिलाफ आगे भी सघन अभियान जारी रहेगा।

कोई टिप्पणी नहीं