सुपौल। किशनपुर थाना क्षेत्र के पूर्वी कोसी बांध पर शुक्रवार दोपहर हुए सड़क हादसे में एक किसान समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, नौआबखार निवासी 25 वर्षीय प्रभु पौद्दार अपने साथी 22 वर्षीय कैलाश कुमार के साथ मोटरसाइकिल से किसी काम से बाजार जा रहे थे। इसी दौरान पूर्वी कोसी बांध पर सामने से आ रही एक अन्य बाइक से बचने के प्रयास में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और धान का बिचड़ा लेकर जा रहे शिवपुरी पंचायत के नरही निवासी 50 वर्षीय जगदेव साह को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में प्रभु पौद्दार, कैलाश कुमार और जगदेव साह तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और परिजनों की भीड़ जुट गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) किशनपुर पहुंचाया गया।
सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सुपौल रेफर कर दिया।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि तीनों घायलों को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि जगदेव साह और प्रभु पौद्दार को अधिक गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं