सुपौल। किशनपुर प्रखंड क्षेत्र के मेहासिमर पंचायत अंतर्गत मधुरा गांव (वार्ड-13) निवासी किसान सलाहकार प्रवीण कुमार के पुत्र दिवाकर कुमार ने NEET परीक्षा में सफलता हासिल कर अपने परिवार, पंचायत और पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
दिवाकर की सफलता की खबर मिलते ही परिजनों, शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। दिवाकर ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, गुरुजनों, नियमित अध्ययन और कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और लगातार मेहनत की जाए तो सफलता अवश्य मिलती है। दिवाकर ने बताया कि उनका सपना एक कुशल और संवेदनशील चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करना है।
पिता प्रवीण कुमार ने पुत्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि दिवाकर ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। वहीं माता पुष्पलता कुमारी ने भी बेटे की सफलता पर खुशी जताते हुए कहा कि उसकी वर्षों की मेहनत आज रंग लाई है।
दिवाकर की सफलता पर मेहासिमर पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, बुद्धिजीवियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनेगी। लोगों ने विश्वास जताया कि दिवाकर भविष्य में चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और देश का नाम रोशन करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं