Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Classic Header

{fbt_classic_header}

Breaking News

latest

मरौना : एक ही रात तीन घरों में चोरी, नकदी, जेवर और कुलदेवता की चांदी की मूर्ति ले उड़े चोर




सुपौल। मरौना प्रखंड के कदमहा पंचायत स्थित वार्ड संख्या-9 में गुरुवार देर रात अज्ञात चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सबसे पहले कलर साह के घर का मुख्य दरवाजा तोड़कर प्रवेश किया। घर में रखे संदूक का ताला तोड़कर करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात और कपड़े चोरी कर लिए।

इसके बाद चोरों ने रामचन्द्र साह के घर को निशाना बनाया, जहां से कपड़े, घरेलू सामान और परिवार के कुलदेवता की चांदी की मूर्ति चोरी कर ली। वहीं गंगा शर्मा के घर से 9 हजार रुपये नकद, कपड़े और अन्य घरेलू सामान लेकर फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवारों के घर पहुंचे। एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों को रात में स्वयं पहरा देने की नौबत आ गई है।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी की मांग की है।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों सहित आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जल्द ही चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कोई टिप्पणी नहीं