सुपौल। छातापुर मुख्यालय स्थित बजरंग चौक के समीप सोमवार अपराह्न एसएच-91 पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद भागने की कोशिश कर रहे ट्रक को स्थानीय लोगों ने घेर लिया और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रमोद झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने बीआर-31 जीसी-5013 नंबर के बालू लदे ट्रक और उसके चालक को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक की पहचान उसके पास मिले आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों के आधार पर डहरिया पंचायत वार्ड संख्या-9 निवासी 25 वर्षीय अरुण कुमार, पिता कैलू यादव, के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि अरुण कुमार अपनी नई बाइक की सर्विसिंग कराने हीरो शोरूम गए थे। सर्विसिंग के बाद वह वापस अपने घर डहरिया लौट रहे थे। इसी दौरान बजरंग चौक के समीप उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर जा रहे बालू लदे ट्रक को साइड देने के क्रम में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनका सिर ट्रक के पहिए के नीचे आ जाने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुख्यालय पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि मकसूद मसन, डहरिया पंचायत के मुखिया संजीत कुमार चौधरी, भाजपा मंडल अध्यक्ष पवन कुमार हजारी, राजद नेता डॉ. विपीन कुमार सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने शोकाकुल परिजनों को सांत्वना देते हुए युवक की असामयिक मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं